राष्ट्र जगत संवाददाता
दातागंज। बरेली-दातागंज मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ग्राम पंचायत जमालपुर की प्रधान अनीता देवी अपनी पुत्री प्रियंका के साथ बरेली से दातागंज लौट रही थीं। इसी दौरान सेनपुर गांव के पास (बलिया से थोड़ा आगे) अचानक सड़क पर निराश्रित गौवंश आ जाने से उनकी किया कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसा दातागंज तहसील क्षेत्र के सेनपुर गांव के निकट हुआ। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि ग्राम प्रधान अनीता देवी और उनकी पुत्री प्रियंका पूरी तरह सुरक्षित हैं। दोनों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ईश्वर की कृपा और शुभचिंतकों के आशीर्वाद से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश से होने वाले हादसों की गंभीर समस्या को उजागर किया है।