Headlines

रोटरी क्लब बरेली साउथ का 40वां विराट दशहरा मेला 23 अक्टूबर से, 25 को होगा रावण दहन

सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, स्टार नाइट, आतिशबाजी और आकर्षक स्टॉल होंगे मेले का मुख्य आकर्षण

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से 40वें विराट दशहरा मेले का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक बरेली क्लब मैदान में किया जाएगा। तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, स्टार नाइट, मनोरंजक कार्यक्रमों, आकर्षक स्टॉल और शानदार आतिशबाजी के साथ 25 अक्टूबर को रात 10:30 बजे कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं, 24 अक्टूबर को लंका दहन होगा। मेला निदेशक अंकुर बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो प्रतियोगिता आयोजित होगी। 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन और ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप प्रतियोगिता होगी। 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल और प्रतिष्ठित ‘मेला क्वीन’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुंबई की गायिका प्रेरणा रावत और एवी डांस ग्रुप, 24 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम भारती गुप्ता व उनकी टीम तथा 25 अक्टूबर को रहनुमा बैंड प्रस्तुति देगा।
चार्टर अध्यक्ष डॉ. आईएस तोमर ने बताया कि मेले से प्राप्त आय दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा में खर्च की जाती है। क्लब ग्रामीण बच्चों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए रोटरी पब्लिक स्कूल भी संचालित कर रहा है। पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी। वहीं, पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि जरूरतमंदों के लिए एलएन-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने का निशुल्क कैंप आयोजित किया जाएगा।
मेले में राजस्थानी, चाइनीज, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि तीनों दिन आतिशबाजी होगी और आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण रहेगा। सह मेला निदेशक नयन अग्रवाल ने बताया कि दर्शकों के लिए 12 बड़ी एलईडी लगाई जाएंगी, जबकि अनुराग गोयल ने बच्चों के लिए इलेक्ट्रॉनिक झूलों से युक्त किड्स जोन तैयार किए जाने की जानकारी दी।
रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि टिकट और अतिथि पास के साथ लकी ड्रॉ कूपन भी दिए जाएंगे। दर्शक अपने कूपन स्टॉल नंबर 2-3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीत सकते हैं। पत्रकार वार्ता में रोहित जिंदल, घनश्याम खंडेलवाल, दिनेश चंद खंडेलवाल, राकेश धीरवानी, वीरेश मित्तल, संजय गर्ग, संजय अग्रवाल, अजय जसोरिया, आईएमएस मेहता, अचल कुमार, प्रदीप मदवार, ध्रुव तिलक सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *