बरेली। रोटरी क्लब बरेली साउथ की ओर से 40वें विराट दशहरा मेले का आयोजन 23, 24 और 25 अक्टूबर को बरेली क्लब मैदान में किया जाएगा। 39 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित होने वाले इस मेले में तीन दिन तक सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, मनोरंजक कार्यक्रम, शानदार आतिशबाजी और विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 24 अक्टूबर को लंका दहन और 25 अक्टूबर को कुंभकरण, मेघनाद व रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा।मेला निदेशक अंकुर बंसल ने बताया कि 23 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस और ‘डांस बरेली डांस’ सोलो प्रतियोगिता होगी। 24 अक्टूबर को ‘वॉइस ऑफ बरेली’ गायन और ‘डांस बरेली डांस’ ग्रुप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 25 अक्टूबर को बेस्ट कपल और प्रतिष्ठित ‘मेला क्वीन’ प्रतियोगिता होगी। क्लब अध्यक्ष रोहित जिंदल ने बताया कि 23 अक्टूबर को मुंबई की सिंगर प्रेरणा रावत और एवी डांस ग्रुप, 24 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम सिंगर भारती गुप्ता व उनकी टीम और 25 अक्टूबर को रहनुमा बैंड प्रस्तुति देंगे। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।चार्टर अध्यक्ष डॉक्टर आईएस तोमर ने बताया कि मेले से प्राप्त आय दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सेवा में खर्च की जाती है। ग्रामीण बच्चों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए रोटरी पब्लिक स्कूल भी संचालित किया जा रहा है। पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की जाएंगी, जिससे वे रोजगार और आजीविका के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि क्लब इस बार एलएन-4 प्रोस्थेटिक हाथ लगाने का निशुल्क कैंप लगाएगा। दुर्घटना या अन्य कारणों से हाथ गंवाने वाले जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराया जाएगा। मेला कोषाध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल ने बताया कि खानपान के लिए राजस्थानी, चाइनीज, दक्षिण भारतीय और उत्तर भारतीय व्यंजनों के साथ आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक के स्टॉल होंगे।क्लब सचिव शिशिर पांडे ने बताया कि मेले में तीनों दिन आतिशबाजी होगी। आकाशीय आतिशबाजी का विशेष मुकाबला भी आकर्षण रहेगा। 24 अक्टूबर को लंका दहन और 25 अक्टूबर को रात 10:30 बजे कुंभकरण, मेघनाद व रावण के पुतलों का दहन होगा। आतिशबाजी के दौरान बाबा नीम करोली के दर्शन भी कराए जाएंगे। सह मेला निदेशक नयन अग्रवाल ने बताया कि मेले में 12 बड़ी एलईडी लगाई जा रही हैं, जिनसे दर्शक विभिन्न क्षेत्रों के कार्यक्रम देख सकेंगे। सह मेला निदेशक अनुराग गोयल ने बताया कि बच्चों के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक झूलों से युक्त किड्स जोन तैयार किया जा रहा है।रोटरी कम्युनिटी सर्विस सोसायटी के अध्यक्ष अनुपम कपूर ने बताया कि मेले के टिकट और अतिथि पास के साथ लकी ड्रॉ कूपन भी दिए जाएंगे। दर्शक कूपन स्टॉल नंबर 2-3 पर जमा कर आकर्षक उपहार जीत सकते हैं। पत्रकार वार्ता में रोहित जिंदल, घनश्याम खंडेलवाल, दिनेश चंद खंडेलवाल, राकेश धीरवानी, वीरेश मित्तल, संजय गर्ग, संजय अग्रवाल, अजय जसोरिया, आईएमएस मेहता, अचल कुमार, प्रदीप मदवार, ध्रुव तिलक सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब बरेली साउथ का 40वां विराट दशहरा मेला 23 से, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और स्टार नाइट, 25 अक्टूबर को होगा रावण दहन