बरेली। जमीन के फर्जी बैनामे और धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी रामेश्वर को आंवला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन का फर्जी बैनामा कराने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को अलीगंज अड्डे से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, ग्राम भोलापुर, मजरा सैदपुर कनी निवासी चेतराम सिंह पुत्र भोले राम ने 23 जनवरी को थाना आंवला में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि अभियुक्तों ने साजिश और धोखाधड़ी कर जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और गाटा संख्या 292 की 0.1760 हेक्टेयर भूमि का फर्जी बैनामा माया देवी के नाम करा दिया। इस मामले में मुकदमा संख्या 48/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।पुलिस ने बताया कि मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, वांछित रामेश्वर पुत्र स्वर्गीय रामबिलास, उम्र 42 वर्ष, निवासी भोलापुर, थाना भमोरा की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार 16 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मुकदमे की पैरवी के लिए वकील के पास आने वाला है और अलीगंज अड्डे पर मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने उसे सुबह 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी बैनामा कर जमीन हड़पने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार