लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उक्त योजना से संबंधित शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत कार्य कर रहे वेंडर्स द्वारा अवगत कराया गया कि विद्युत विभाग द्वारा सोलर पैनल स्थापित होने के बाद समय से निरीक्षण नहीं किए जाने के कारण विद्युत कनेक्शन एवं सब्सिडी प्राप्त करने में आवेदकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेंडर्स द्वारा स्थापित सोलर प्रणालियों का निरीक्षण निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने बैंकिंग कार्यों की समीक्षा के दौरान बैंकों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित फाइलें लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि योजना की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा के लिए सप्ताह में एक बार बैंकर्स के साथ बैठक अवश्य आयोजित की जाए, जिससे लंबित मामलों का निस्तारण कर पेंडेंसी समाप्त की जा सके।
जिलाधिकारी ने समस्त बैंकर्स को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत ऋणों का वितरण भी समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना का लाभ उठा सकें। योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर परिवारों को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना, बिजली पर निर्भरता एवं खर्च कम करना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, लीड बैंक मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं यूपीनेडा के समस्त इम्पैनल्ड वेंडर्स उपस्थित रहे..