राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या और बरेली निवासी उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच विवाद गहरा गया है। दोनों ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने कथित मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, दस्तावेजों में जालसाजी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी हवाला देते हुए अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। इन आरोपों की जांच की जानी है।
वहीं, पप्पू गिरधारी ने 16 अक्टूबर को वीडियो जारी कर मंत्री के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कथित ऑडियो को एआई की मदद से तैयार किया गया फर्जी ऑडियो बताते हुए मंत्री पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा आर्या ने भ्रष्टाचार के जरिए करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मंत्री की संपत्ति और विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की।
फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। पप्पू गिरधारी द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।