Headlines

भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकुओं से गोदकर हत्या, तीन आरोपी फरार

बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके की मांझे वाली बगिया में देर रात भाजपा ओबीसी मोर्चा के मढ़ीनाथ मंडल के मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात पैसों के विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान सचिन कश्यप पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले भी मृतक का आरोपियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
हत्या की इस वारदात के बाद आरोपी मोहित उर्फ बाबू, अमित और आशीष मौर्य मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद मढ़ीनाथ क्षेत्र में तनाव का माहौल है तथा पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *