Headlines

पीएम श्री विद्यालय में मदर मेले से दिया बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में 14 अक्टूबर को विकासखंड भुता के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय खजुरिया संपत में मदर मेले का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं की माताओं, दादी-नानी और अन्य महिला अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका शिक्षा, महिला जागरूकता और समान अवसरों को बढ़ावा देना रहा।
विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने मेले का शुभारंभ किया। बालिकाओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। हुनर हाट में कढ़ाई, सिलाई और पेंटिंग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। मीना मंच के माध्यम से माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा कर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। संगीत, फैंसी ड्रेस, म्यूजिकल चेयर और लैंगिक भेदभाव पर प्रश्नोत्तरी आयोजित हुई। बालिकाओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया और महिला सशक्तिकरण पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रधानाध्यापक राकेश कुमार गंगवार ने सभी का आभार जताया। आयोजन में शिक्षिकाओं पिंकी राठौर, भाग्यवती देवी शर्मा, जयश्री शर्मा, अर्चना देवी, अंजू राणा, प्राची सक्सेना और प्रीति यादव का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *