बरेली। मढ़ीनाथ में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ सीता स्वयंवर सहित अन्य धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। रामलीला के मंचन को देखने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। सीता स्वयंवर के प्रसंग में राजा जनक द्वारा रखी गई शर्त और भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष उठाने की लीला का मंचन विशेष आकर्षण रहा। धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा, आदर्श, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
रामलीला आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाएं की गईं। आयोजन में संयोजक श्री चरण सिंह यादव, अध्यक्ष श्री अनिल चौधरी, उपाध्यक्ष रामवीर सिंह यादव एवं मनोज मिश्रा की प्रमुख भूमिका रही।
इसके अलावा दिनेश यादव, अनिल कुमार यादव, मयंक पटेल, आलोक कुमार सक्सेना, अरविंद गुप्ता और अमरपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने आयोजन में सहयोग किया।
रामलीला के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी रामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने की अपील की।
मढ़ीनाथ की रामलीला के दूसरे दिन हुआ सीता स्वयंवर का भव्य मंचन