बरेली। फोर्टिस अस्पताल नोएडा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा क्षेत्र का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण किया गया। क्रोनिक हार्ट फेलियर से पीड़ित 56 वर्षीय तपस कुमार डे को इस सर्जरी के जरिए नया जीवन मिला है। डॉ. अजय कौल के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने यह जटिल ऑपरेशन पूरा किया।अस्पताल के अनुसार, तपस कुमार डे कई वर्षों से हृदय की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता था और दवाओं से भी उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। डॉक्टरों ने उनके बचने की संभावना बेहद कम बताई थी। ऐसे में हृदय प्रत्यारोपण ही एकमात्र विकल्प रह गया था।इसी बीच पंचकुला में डोनर हार्ट उपलब्ध हुआ। उसे समय पर नोएडा पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एयरपोर्ट प्राधिकरण तथा प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। डोनर हार्ट को हवाई मार्ग से हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद लाया गया और वहां से ग्रीन कॉरिडोर के जरिए महज 16 मिनट में फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्रत्यारोपण की प्रक्रिया शुरू की। करीब एक घंटे में सर्जरी पूरी कर डोनर हार्ट को मरीज के शरीर में प्रत्यारोपित किया गया। इसके बाद मरीज को विशेष गहन चिकित्सा कक्ष में रखकर लगातार निगरानी की गई। अस्पताल के मुताबिक, अब मरीज स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।डॉ. अजय कौल ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र में उन्नत हृदय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मरीज ने डोनर परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अंगदान ने उन्हें नया जीवन दिया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का पहला सफल हार्ट ट्रांसप्लांट, 56 वर्षीय मरीज को मिला नया जीवन