बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरि शंकर ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ शीघ्र दिलाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र जिलाधिकारी, बरेली के माध्यम से ईमेल द्वारा भेजकर शासनादेश जल्द जारी कराने और दीपावली से पहले बढ़े हुए मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।हरि शंकर ने कहा कि प्रदेश के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों सहित विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत लाखों आउटसोर्सिंग कर्मचारी सीमित मानदेय के बावजूद पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा दो सितंबर को मानदेय वृद्धि की घोषणा किए जाने से कर्मचारियों में उम्मीद जगी थी, लेकिन अभी तक शासनादेश जारी होने और बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलने का इंतजार है।उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में सीमित आय से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो रहा है। ऐसे में दीपावली से पहले बढ़ा हुआ मानदेय मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।हरि शंकर ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को तत्काल शासनादेश जारी करने तथा समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगी।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को शीघ्र मिले बढ़ा हुआ मानदेय: हरि शंकर