बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पृथक राज्य का दर्जा देने, क्षेत्र में एम्स की स्थापना तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर शिवसेना पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम को सौंपा। ज्ञापन मंडल प्रमुख संतोष कुमार सिंह और जिला प्रमुख दीपक पाठक के नेतृत्व में दिया गया।जिला प्रमुख दीपक पाठक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कृषि, गन्ना एवं चीनी उद्योग, दुग्ध उत्पादन, व्यापार, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रशासनिक जरूरतों, संतुलित विकास और न्याय तक सुगम पहुंच को देखते हुए इसे ‘पश्चिमी प्रदेश’ के रूप में पृथक राज्य बनाया जाना चाहिए।ज्ञापन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में एम्स की स्थापना की भी मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी, बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक विकास को देखते हुए यहां उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थान की आवश्यकता है।इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग करते हुए कहा गया कि लंबी दूरी के कारण वादकारियों और अधिवक्ताओं को समय व आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन में तीनों मांगों पर केंद्र सरकार से आवश्यक कार्रवाई की अपील की गई।ज्ञापन के दौरान राजीव पांडेय , संतोष कुमार सिंह , दीपक पाठक , आयुष वर्मा आदि मौजूद थे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पृथक राज्य बनाने और एम्स सहित तीन मांगों को लेकर दिया ज्ञापन