राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। यातायात पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर पैसे मांगने, फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देने और एआई की मदद से कूटरचित तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में कथित पत्रकार अमल सैनी समेत 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई टीएसआई जसपाल सिंह की तहरीर के आधार पर की गई।
तहरीर के अनुसार आरोपी कथित तौर पर ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की फोटो और वीडियो बनाते थे। आरोप है कि पैसे देने पर यातायात व्यवस्था की अच्छी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने तथा रकम न देने पर जाम और अव्यवस्था से संबंधित फोटो वायरल करने की धमकी दी जाती थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ मामलों में एआई की मदद से ड्यूटी पॉइंट, ई-रिक्शा की पुलिया और वाहन चेकिंग से संबंधित कथित कूटरचित तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की गईं। इससे पुलिस की छवि प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।
टीएसआई ने तहरीर में यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारियों के बयान और कथित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं। पुलिस ने मामले में अमल सैनी और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी।