Headlines

बरेली में कथित पत्रकारों पर वसूली और धमकी का मुकदमा, एक आरोपी पहले से जेल में

बरेली में कथित पत्रकारों पर वसूली और धमकी का मुकदमा, एक आरोपी पहले से जेल में

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। जिलाधिकारी कार्यालय के एक कर्मचारी से कथित तौर पर 15 हजार रुपये की मांग, वीडियो वायरल करने की धमकी और वसूली के आरोप में कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में आरोपियों को पत्रकार बताया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 22 सितंबर को अमल सैनी, अवधेश कुमार, मनोज गौतम, पवन त्रिपाठी और संतोष शाक्य कार्यालय पहुंचे और हैसियत प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी मांगी। आरोप है कि इस दौरान वीडियो बनाया गया और बाद में 15 हजार रुपये की कथित मांग की गई। रकम न देने पर वीडियो वायरल करने, बदनाम करने और गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 23 सितंबर को आरोपी दोबारा पहुंचे और वीडियो हटाने के बदले रुपये की मांग की। तहरीर के मुताबिक, कर्मचारी ने अपने सहकर्मी एवं एडीएम कार्यालय के पेशकार कैलाश पाण्डेय की मौजूदगी में 10 हजार रुपये दिए, जिसके बाद वीडियो हटाए जाने की बात कही गई।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 3(5), 61(2), 351(3) और 308(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक अमल सैनी पहले से एक अन्य मामले में जेल में है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपों की पुष्टि विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *