Headlines

28 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बरेली । थाना आंवला क्षेत्र के गांव कंधरपुर में 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के गले पर धारदार हथियार से चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर रंजिश के चलते गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कंधरपुर निवासी श्याम सिंह (28) पुत्र बद्री प्रसाद खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। श्याम सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आंवला कोतवाल बीनू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के भाई मुन्नालाल पुत्र बद्री प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि करीब छह-सात वर्ष पूर्व उनके पिता बद्री प्रसाद ने मोर सिंह पुत्र काशीराम को मिट्टी के तेल की कालाबाजारी करते हुए पकड़वाया था। इसी बात को लेकर मोर सिंह उनके परिवार से रंजिश मानता था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मोर सिंह, गजराम पुत्रगण काशीराम, रूम सिंह पुत्र गनेशी और भूपराम पुत्र ओमकार, निवासी कंधरपुर, ने श्याम सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे बताए जा रहे विवाद के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर गांव के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *