बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को 135 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ भोजीपुरा थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नहर किनारे चरस लेकर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने दोहना-पीतमराय जाने वाले कच्चे रास्ते पर नहर के किनारे घेराबंदी कर ईशू उर्फ सलोचन पुत्र सिकन्दर निवासी ग्राम कंचनपुर, थाना भोजीपुरा को रात करीब 10 बजे गिरफ्तार कर लिया।तलाशी में उसके पास से 135 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस को आने-जाने वाले ट्रक चालकों को बेचता था। इससे मिलने वाले पैसों से वह अपना खर्च चलाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले कई बार जेल जा चुका है।पुलिस के मुताबिक ईशू उर्फ सलोचन के खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी और माल बरामदगी के दो, वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट और अन्य अधिनियम के तहत दो तथा वर्ष 2025 में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत सातवां मुकदमा दर्ज किया गया है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल आशीष और कांस्टेबल शिवराज यादव शामिल रहे।
135 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार , ट्रक चालकों को बेचने की बात कबूली