बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे किनारे स्थित मुंशी ढाबे पर सोमवार रात खाने के दौरान हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने खाद व्यापारी के बेटे पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ में तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है। वहीं, दूसरे पक्ष का व्यक्ति भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बीच-बचाव करने पर बढ़ा विवादखाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता अपने सहयोगी प्रेम शर्मा के साथ सोमवार रात फरीदपुर स्थित मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था। आरोप है कि वहां खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह शराब के नशे में प्रेम शर्मा के साथ गाली-गलौज और बहस कर रहा था। विवाद बढ़ने पर अंकित ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तेज हो गई।अमरपाल गुप्ता के मुताबिक, विवाद के दौरान राजेश प्रताप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अंकित को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से अंकित घायल होकर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई।घायल युवक ने आरोपी से छीनी रिवॉल्वरआरोप है कि फायरिंग के दौरान अंकित के हाथ में तीन गोलियां लगीं। इसके बाद उसने आरोपी से रिवॉल्वर छीन ली और घायल अवस्था में उसे अपनी गाड़ी में रखकर फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और पुलिस बल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अंकित से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद अंकित ने आरोपी की लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।दूसरे पक्ष का व्यक्ति भी घायलघटना के कुछ समय बाद राजेश प्रताप सिंह भी घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा। उसके सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। हालांकि, उसे चोट किन परिस्थितियों में लगी, यह जांच का विषय है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिसफरीदपुर थाना पुलिस ने अमरपाल गुप्ता की तहरीर के आधार पर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस विवाद की वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ढाबे पर विवाद के बाद खाद व्यापारी के बेटे पर फायरिंग, हाथ में लगीं तीन गोलियांशराब के नशे में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष, घायल युवक ने आरोपी की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनी, दोनों अस्पताल में भर्ती