बरेली। सिविल लाइंस स्थित नोमहला रोड पर मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के बाहर गिरा पेड़ कई दिन बीत जाने के बाद भी पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है। पेड़ की भारी टहनियां बिजली की लाइनों पर टिकी होने के कारण यहां हर वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।स्थानीय दुकानदार रीगल टेलर के आसिफ अली अंसारी ने बताया कि बीते 7 अक्टूबर की रात हुई तेज बारिश के दौरान यह पेड़ अचानक गिर गया था। अगले दिन नगर निगम के कर्मचारी मौके पर तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने पेड़ को काटकर पूरी तरह हटाने के बजाय सिर्फ सड़क के किनारे धकेल कर छोड़ दिया।वर्तमान में पेड़ की भारी टहनियां दुग्गे बिजली के तारों पर झूल रही हैं, जिससे तार भी काफी नीचे लटक आए हैं। यह स्थिति न केवल राहगीरों और वाहनों के आवागमन में बाधा पैदा कर रही है, बल्कि कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी ने नगर निगम और विद्युत विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग तत्काल इस गिरताऊ पेड़ को मौके से हटवाने की व्यवस्था करें और खतरनाक स्थिति में नीचे लटके बिजली के तारों को दुरुस्त कराएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।