Headlines

गोदाम से चोरी दो बैटरियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली। थाना शाही पुलिस ने गोदाम से चोरी हुई दो बैटरियों के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई एक ल्यूमिनस 160 एएच और एक लिवमैक्स 240 एएच बैटरी बरामद की है। मामले में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम दुनका निवासी नितिन गुप्ता ने 21 सितंबर को थाना शाही में तहरीर देकर बताया था कि उनके गोदाम से एक ल्यूमिनस और एक लिवमैक्स बैटरी चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी शाही के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकास पुत्र हरिनंदन, निवासी ग्राम आनंदपुर, थाना शाही, उम्र करीब 20 वर्ष और संजीव पुत्र हरपाल, निवासी ग्राम दुनका, थाना शाही, उम्र करीब 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी रोहताश पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम आनंदपुर, के साथ 13 सितंबर की रात आनंदपुर-दुनका के बीच स्थित मिर्च के गोदाम से दोनों बैटरियां चोरी की थीं। चोरी के बाद बैटरियों को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी बैटरियों को खेत से निकालकर बेचने के लिए ले जाने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ल्यूमिनस 160 एएच और लिवमैक्स 240 एएच की दो बैटरियां बरामद कीं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 331(4)/317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल हरिओम, कांस्टेबल दानवीर और कांस्टेबल राहुल शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *