Headlines

किला पुलिस ने 129 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा किया बरामद , दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली। थाना किला पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 129 चरखी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शमशान भूमि फाटक से सराय तल्फी जाने वाले मार्ग पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने यात्री शेड के पास चेकिंग अभियान चलाया और रात करीब 9 बजे विक्की और गौरव को संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 129 चरखी चाइनीज मांझा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की पुत्र अर्जुन लाल निवासी गंगापुर और गौरव पुत्र लालाराम निवासी गंगापुर सहदाना, थाना बारादरी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हरिद्वार निवासी नितेश से ऑर्डर पर चाइनीज मांझा बस के जरिए मंगवाते थे और बरेली में चोरी-छिपे फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना किला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *